नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत नर्मदापुरम आईजी पहुंचे बैतूल बाजार के संदीपनी स्कूल।
भारत में नशे के कारण प्रतिवर्ष लगभग 15 करोड़ युवा प्रभावित होते हैं
“नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के तहत नर्मदापुरम आईजी पहुंचे बैतूल बाजार के संदीपनी स्कूल।

प्रदेशभर में चलाए जा रहे *”नशे से दूरी है जरूरी”* जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत दिनांक 16 जुलाई को बैतूल बाजार स्थित सांदीपनी स्कूल में भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नर्मदापुरम रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) श्री मिथिलेश कुमार शुक्ला शामिल हुए।
दोपहर 2 बजे से आरंभ हुए इस आयोजन में स्कूल के छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, नगर परिषद के जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री निश्चल एन. झारिया ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि भारत में नशे के कारण प्रतिवर्ष लगभग 15 करोड़ युवा प्रभावित होते हैं। बैतूल जिले में भी 1 जनवरी 2025 से अब तक 20 नारकोटिक्स प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 9 मामले गांजा और 11 मामले अफीम से संबंधित हैं। लगभग 20 एकड़ क्षेत्र में की जा रही अफीम की अवैध खेती को नष्ट किया गया है, जो वर्ष 2021 से संचालित थी।
एसपी श्री झारिया ने बताया कि अफीम एक ऐसा मादक पदार्थ है जिससे अन्य अनेक घातक ड्रग्स बनाए जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नशे के प्रभाव में आकर 78 नाबालिग बच्चों ने अपराध किए हैं। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, पढ़ाई में मन लगाएं और देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।
आईजी श्री मिथिलेश कुमार शुक्ला ने भी बच्चों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया और कहा कि यदि आपके आस-पास कोई व्यक्ति नशा करता है, तो उसे समझाइए और रोकिए। उन्होंने उपस्थित सभी बच्चों व जनप्रतिनिधियों को “नशे से दूरी है जरूरी” की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर विशेष रूप से माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती शर्मिला डीलवार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती दुर्गावती वर्मा एवं उपाध्यक्ष श्री सुरेश गायकवाड़ ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी।
नईम मामू बैतूल।।