नगर पालिका कर्मचारी पर बाजार में मनमानी वसूली के आरोप,व्यापारियों ने एसडीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग
व्यापारियों ने मांग की है कि बाजार में की जा रही अवैध वसूली की निष्पक्ष जांच कराई जाए
नगर पालिका कर्मचारी पर बाजार में मनमानी वसूली के आरोप,व्यापारियों ने एसडीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग
व्यापारियों ने मांग की है कि बाजार में की जा रही अवैध वसूली की निष्पक्ष जांच कराई जाए
.
आमला। नगर के व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आमला को एक ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका कर्मचारियों पर बाजार में मनमानी वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं।
व्यापारियों ने बताया कि आमला में हर शनिवार और बुधवार को लगने वाले बाजार का इस वर्ष कोई ठेका नहीं हुआ है। इसके बावजूद नगर पालिका के कर्मचारी अमरदीप वर्मा द्वारा दुकानदारों से मनमाने तरीके से पैसे वसूले जा रहे हैं। आरोप है कि 17 से 21 अक्टूबर तक लगभग 60 हजार रुपये की वसूली की गई, जो संभवतः नगर पालिका के खाते में जमा नहीं की गई है।
व्यापारियों का कहना है कि संबंधित कर्मचारी दुकानदारों के साथ अभद्र व्यवहार करता है, गाली-गलौज करता है और धमकी देता है। इसके संबंध में पहले भी कई शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका द्वारा हाल ही में आदेश देशमुख को पर्ची वसूली के कार्य से हटाया गया था, जिसके बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ दुकानदारों से बदसलूकी की और कहा कि “तुम लोगों ने हमारा पर्ची काम बंद करवा दिया है”।
व्यापारियों ने मांग की है कि बाजार में की जा रही अवैध वसूली की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो और बाजार व्यवस्था को सुचारू बनाया जाए।
ज्ञापन देने वालों में बृजेश राठौर, आकाश, मनोहर, राजेश मानकर, बंटी, रिंकू राठौर सहित अन्य व्यापारी शामिल थे।
