मा ताप्ती की नगरी में हुए भव्य सूर्य महायज्ञ एवं शिवलिंग निर्माण आयोजन पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भेजा बधाई पत्र
उपस्थित जनसमुदाय ने भी पूर्व मुख्यमंत्री के इस भावपूर्ण संदेश का स्वागत किया।
मा ताप्ती की नगरी में हुए भव्य सूर्य महायज्ञ एवं शिवलिंग निर्माण आयोजन पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भेजा बधाई पत्र

मुलताई।
मा ताप्ती जी की पावन नगरी मुलताई में हाल ही में संपन्न हुए भव्य सूर्य महायज्ञ एवं सवा करोड़ शिवलिंग निर्माण के ऐतिहासिक आयोजन पर देशभर में श्रद्धा और भक्ति की लहर देखने को मिली। इस अद्वितीय धार्मिक आयोजन की भव्यता और सफल संचालन पर केंद्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगरवासियों, संतजनों और आयोजन समिति को बधाई, वंदन एवं आभार प्रेषित किया है।

शिवराज सिंह चौहान द्वारा भेजा गया यह बधाई पत्र 17 जून को उनके प्रतिनिधि सुरजीत सिंह चौहान द्वारा मुलताई पहुंचकर आचार्य सोमेश परसाई को सौंपा गया। इस अवसर पर धार्मिक वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण रहा, जहां उपस्थित जनसमुदाय ने भी पूर्व मुख्यमंत्री के इस भावपूर्ण संदेश का स्वागत किया।
अपने पत्र में शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि –
“मा ताप्ती जी की पवित्र नगरी में श्रद्धा, सेवा और सनातन संस्कृति का जो अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया, वह पूरे भारतवर्ष के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस पुण्य आयोजन में जिन-जिन श्रद्धालुओं ने तन, मन और धन से सहयोग किया है, वे वास्तव में धर्म के सच्चे सेवक हैं।“
उन्होंने विशेष रूप से आचार्य सोमेश परसाई के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह यज्ञ और शिवलिंग निर्माण भारत की आध्यात्मिक परंपरा को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला कार्य है।

गौरतलब है कि इस आयोजन में देशभर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे, जिन्होंने सवा करोड़ शिवलिंगों का निर्माण कर विशेष अभिषेक किया था। इस पूरे आयोजन ने मुलताई को एक बार फिर से धार्मिक मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाई है।
नगरवासियों और आयोजन समिति ने केंद्रीय मंत्री के इस आत्मीय संदेश को सर माथे पर रखते हुए उनका आभार प्रकट किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन करते रहने का संकल्प लिया।



